SUPAUL: बिहार के सुपौल में गांजा तस्करों का फिल्मी स्टाइल में तांडव देखने को मिला। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए तस्कर ने ब्लैक स्कॉर्पियो से पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी और भागने के दौरान एक फेरीवाले की बाइक समेत दूसरी बाइक को भी रौंद दिया। हालांकि,पुलिस ने पीछा कर स्कॉर्पियो को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान गाड़ी से 53 किलो गांजा बरामद हुआ।


वहीं, तस्कर को पकड़ने के बाद पुलिस जवानों द्वारा उसकी पिटाई किए जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना भीमपुर थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के अनुसार,स्कॉर्पियो भीमनगर की ओर से आ रही थी। शनिवार की सुबह भीमपुर बैंक ऑफ इंडिया के पास एसएच-91 पर पुलिस ने वाहन को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान स्कॉर्पियो चालक सह तस्कर ने गाड़ी को बैक गियर में तेजी से चलाते हुए पुलिस वाहन को टक्कर मार दी और करीब 150 मीटर तक भागने की कोशिश की। 


इस दौरान स्कॉर्पियो ने एक फेरीवाले की बाइक में टक्कर मारी और फिर एक घर के सामने खड़ी दूसरी बाइक को भी रौंद दिया। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर स्कॉर्पियो को पकड़ लिया। वायरल वीडियो में गिरफ्तारी के बाद पुलिस जवानों द्वारा आरोपी की पिटाई किए जाने का दृश्य सामने आया है। वहीं,पुलिस की कार्रवाई और गांजा बरामदगी से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।


24 घंटे में दो बड़ी कार्रवाई,65 किलो गांजा बरामद

इस पूरे मामले में एसडीपीओ दिलीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि एसपी शरथ आरएस के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में भीमपुर थाना क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के भीतर दो बड़ी कार्रवाई की गई है। दोनों मामलों में कुल तीन तस्करों को गिरफ्तार करते हुए 65 किलो गांजा बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम भीमपुर थाना के पास स्थित पुलिस चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान एक बाइक से 12 किलो गांजा बरामद किया गया था। इस मामले में छातापुर थाना क्षेत्र के वार्ड 13 निवासी रमन कुमार झा और दिलखुश कुमार ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। वहीं,शनिवार सुबह दूसरी कार्रवाई में ब्लैक स्कॉर्पियो से 53 किलो गांजा बरामद किया गया। इस दौरान सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र निवासी आदर्श कुमार को गिरफ्तार किया गया। दोनों मामलों में अलग-अलग केश दर्ज की गई है।


वायरल वीडियो पर भी पुलिस की नजर

एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि बरामद गांजे को विधिवत जब्त कर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। स्कॉर्पियो द्वारा पुलिस गाड़ी को टक्कर मारने की घटना में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ और न ही किसी बड़ी चोट की सूचना मिली है। वहीं,आरोपी की पिटाई के वायरल वीडियो को लेकर एसडीपीओ ने कहा कि छापेमारी के दौरान सामने आए इस मामले को संज्ञान में लिया गया है। जांच और अनुसंधान में जो तथ्य सामने आएंगे,उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल,भीमपुर में तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी के बाद कथित पिटाई का वीडियो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।