Bihar Crime News: सुपौल में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. भीमपुर थाना क्षेत्र के जीवछपुर बाजार में अंडा दुकान की आड़ में कथित तौर पर ब्राउन शुगर बेचने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 100 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) और 15 हजार 770 रुपये नकद बरामद किए हैं. इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे भीमपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि जीवछपुर बाजार की मस्जिद गली में स्थित एक अंडा दुकान से ब्राउन शुगर की बिक्री की जा रही है. सूचना में दुकान संचालक की पहचान जीवछपुर वार्ड-4 निवासी मोहम्मद रोजित साफी के पुत्र मोहम्मद हकीम साफी के रूप में बताई गई.
सूचना मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारी ने इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी. सुपौल एसपी शरथ आरएस के निर्देश पर त्रिवेणीगंज एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई. टीम में भीमपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर जीवछपुर बाजार स्थित संबंधित अंडा दुकान में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी ली. तलाशी के दौरान पुलिस ने मोहम्मद हकीम साफी को 100 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया. उसके पास से 15 हजार 770 रुपये नकद भी बरामद किए गए.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी. इसके लिए पुलिस मामले में जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने के साथ ही मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है. पुलिस इस मामले में आगे की जांच के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाएगी.
सुपौल से संत सरोज की रिपोर्ट