SUPAUL: बिहार के सुपौल में पुलिस की कार्यशैली को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी युवा मोर्चा के जिला प्रवक्ता सुमित कुमार ने स्थानीय पुलिसकर्मियों पर गाली-गलौज, मारपीट और अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना से जुड़ा उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
सुमित कुमार के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब उनकी दुकान बंद हो रही थी और उनका एक स्टाफ बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में पुलिसकर्मियों ने उनके स्टाफ को रोककर उसके साथ मारपीट की और बाइक जब्त कर थाने ले गए।
सुमित कुमार का कहना है कि इसकी जानकारी मिलने के बाद वह रात करीब डेढ़ बजे थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिसकर्मियों से बाइक के कागजात घर से मंगवाकर तत्काल उपलब्ध कराने की बात कही। लेकिन, उनके आरोप के मुताबिक, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता की।
बाइक की नंबर प्लेट टूटने को लेकर दी सफाई
सुमित कुमार ने बाइक की नंबर प्लेट को लेकर भी अपनी सफाई दी है। उनका दावा है कि मोहल्ले के कुछ बच्चों ने बाइक की नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी थी। इस संबंध में वह लिखित जानकारी और दस्तावेज देने को भी तैयार थे, लेकिन पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी।
SP से शिकायत और कोर्ट जाने की कही बात
वायरल वीडियो में सुमित कुमार पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए इसे गुंडागर्दी बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक (SP) से करेंगे। इसके साथ ही संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोर्ट में भी मामला दर्ज कराने की बात कही है।
पुलिस की सफाई आना बाकी
फिलहाल इस मामले में पुलिस प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। वायरल वीडियो में केवल सुमित कुमार का बयान है। पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है। ऐसे में मामले की पूरी सच्चाई पुलिस की जांच और दोनों पक्षों का बयान सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
1st Bihar भी वायरल वीडियो और उसमें लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
सुपौल से अमन की रिपोर्ट