Bihar News: बिहार के सुपौल जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र के जीवछपुर पंचायत स्थित बेलागंज,वार्ड-15 में बीती देर रात भीषण अगलगी की घटना हुई। इस घटना में पांच भाइयों के पांच घरों सहित उनमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। अगलगी में ट्रैक्टर, लाखों रुपये मूल्य का पटुआ और कई मवेशियों के भी जलने की बात सामने आई है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, इस अगलगी में करीब 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि देर रात अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पांचों घरों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग भी उसके करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की,लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से दमकल कर्मियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि,जब तक आग बुझाई जाती, तब तक पांचों घर और उनमें रखा अनाज,कपड़े,फर्नीचर सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था। इसके अलावा ट्रैक्टर,पटुआ और कई मवेशियों के भी आग की चपेट में आने से भारी नुकसान हुआ है।
पीड़ित परिवार के लोगों ने बताया कि इस अगलगी में करीब 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति नष्ट हो गई है। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और खाने-पीने की समस्या खड़ी हो गई है। अगलगी के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।