Bihar News: बिहार के सुपौल से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, यहां जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के मिरजवा वार्ड 10 स्थित मध्य विद्यालय में बुधवार दोपहर मध्याह्न भोजन (एमडीएम) खाने के बाद 100 से अधिक छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। भोजन में कथित तौर पर मरा हुआ बिच्छू मिलने की सूचना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में बीमार बच्चों को छोटी-छोटी गाड़ियों और अन्य वाहनों से अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया,जहां सभी बच्चे इलाजरत हैं। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है।



जानकारी के अनुसार, बुधवार को मध्याह्न भोजन में बच्चों को चावल तथा आलू-चना की सब्जी परोसी गई थी। छात्रों का आरोप है कि भोजन के दौरान सब्जी में मरा हुआ बिच्छू मिला। हालांकि तब तक अधिकांश बच्चे खाना खा चुके थे। भोजन करने के कुछ ही देर बाद कई बच्चों ने गले में जलन,पेट दर्द,उल्टी,चक्कर और बेचैनी की शिकायत की। देखते ही देखते कुछ बच्चों की हालत बिगड़ने लगी, जबकि कुछ छात्र बेहोश भी हो गए। 



इसके बाद स्कूल प्रशासन और शिक्षकों ने तत्काल सभी बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल लाया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि भोजन में बिच्छू मिलने के बावजूद बच्चों को वही खाना परोस दिया गया,जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। अभिभावकों ने यह भी नाराजगी जताई कि बच्चों के बीमार होने की सूचना समय पर उन्हें नहीं दी गई,जिसके कारण वे काफी देर बाद घटना की जानकारी प्राप्त कर सके।



एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों और अभिभावकों के अस्पताल पहुंचने से अनुमंडलीय अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण अस्पताल में बेड कम पड़ गए। डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्काल अतिरिक्त व्यवस्था कर सभी बच्चों का इलाज शुरू किया।



मामले पर मध्याह्न भोजन योजना के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) पंकज कुमार सिंह ने बताया कि डीईओ से सूचना मिलने के बाद पूरे मामले की जानकारी ली गई है। उन्होंने कहा कि मध्याह्न भोजन खाने के बाद कुछ बच्चों में पेट दर्द और उल्टी की शिकायत सामने आई है। कुछ छात्रों ने भोजन में बिच्छू मिलने की बात कही है। मामले की जांच कराई जा रही है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



डॉक्टर डॉ बीएन पासवान ने बताया कि मध्याह्न भोजन खाने के बाद 100 से अधिक बच्चों को पेट दर्द,सिरदर्द,उल्टी और घबराहट की शिकायत के साथ अस्पताल लाया गया था। सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया गया है तथा सभी की स्थिति फिलहाल सामान्य और खतरे से बाहर है।



वहीं,बीईओ सह बीपीआरओ मनीष कुमार ने बताया कि स्कूल में करीब 600 छात्र नामांकित हैं। सामान्य दिनों में करीब 300 से 350 बच्चों की उपस्थिति रहती है। बुधवार को करीब 100 बच्चों की तबीयत मध्याह्न भोजन के बाद बिगड़ी,जिन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया। सभी बच्चों की हालत अब स्थिर है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। 



उन्होंने बताया कि स्कूल के एचएम संजीव कुमार वर्मा अनुपस्थित थे उनकी जगह प्रभार में शिक्षक अशोक पासवान थे। घटना की सूचना पर एसडीएम अभिषेक कुमार,एसडीपीओ विभाष कुमार,थानाध्यक्ष राकेश कुमार,बीडीओ परमानंद प्रसाद समेत सभी अधिकारी अस्पताल पहुंचे और बीमार बच्चों का हालचाल जाना और जांच कर दोषी पर कार्रवाई का भरोसा दिया।