Bihar News: सीवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के खोदाई बारी गांव में शनिवार शाम जेसीबी से खोदे गए गहरे गड्ढे में नहाने के दौरान तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही तीनों शवों को दफना दिया।



मृतकों की पहचान खोदाई बारी निवासी फहीमुद्दीन अंसारी के 12 वर्षीय पुत्र इमरान अंसारी, मोनू हुसैन के 11 वर्षीय पुत्र तौफीक अहमद और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छाप गांव निवासी इंसाद अंसारी के 12 वर्षीय पुत्र आदिल अंसारी के रूप में हुई है।



बताया गया कि शनिवार शाम करीब आठ से दस बच्चे शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल के पास जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में नहा रहे थे। इसी दौरान इमरान, तौफीक और आदिल गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। यह देखकर अन्य बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की।



काफी मशक्कत के बाद तीनों किशोरों को पानी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव का माहौल गमगीन हो गया।



परिजन तीनों शवों को बिना पोस्टमार्टम कराए ही घर ले गए। रविवार को जनाजे की नमाज के बाद तीनों किशोरों को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। बताया गया कि आदिल अंसारी शनिवार सुबह ही अपने नाना के घर खोदाई बारी आया था।



सीवान जिले में पिछले एक सप्ताह के दौरान डूबने से चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, 15 अगस्त को करीब ढाई साल का एक बच्चा नदी किनारे स्थित अपने बथान से लापता हो गया था। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने उसकी तलाश की, लेकिन अब तक बच्चे का शव बरामद नहीं हो सका है। लगातार हो रही डूबने की घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। खुले और गहरे गड्ढों में जलभराव के कारण बच्चों के लिए खतरा और बढ़ गया है।