SIWAN: बिहार के सीवान जिले के मैरवा प्रखंड में करीब 800 पेंशनधारियों की पेंशन पर संकट मंडरा रहा है। इन लाभार्थियों ने अब तक अपना ई-केवाईसी नहीं कराया है। विभाग ने सत्यापन के लिए 30 नवंबर तक की अंतिम समय-सीमा निर्धारित की है। ऐसे में तय तारीख तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लाभार्थियों की पेंशन बंद हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, मैरवा प्रखंड में करीब 10 हजार लोग सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ उठा रहे हैं। वहीं, मैरवा नगर क्षेत्र में लगभग 1700 पेंशनधारी हैं। इनमें से करीब 800 लाभार्थियों का ई-केवाईसी अब तक पूरा नहीं हुआ है। प्रखंड कार्यालय की ओर से कई बार सूचना देने और जागरूक करने के बावजूद इन लोगों ने सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं की है।
प्रशासन ने पेंशनधारियों से अपील की है कि वे 30 नवंबर से पहले अपना ई-केवाईसी जरूर करा लें। इसके लिए लाभार्थी अपने पंचायत के सीएससी सेंटर, साइबर कैफे या प्रखंड परिसर स्थित संबंधित कार्यालय में जाकर सत्यापन करा सकते हैं। ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क है। इसके लिए किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा।
मृत पेंशनधारियों का रिकॉर्ड अपडेट करना भी चुनौती
ई-केवाईसी के अलावा प्रशासन के सामने एक और समस्या है। कई पेंशनधारियों की मृत्यु हो चुकी है, लेकिन उनके परिजनों ने अब तक इसकी सूचना प्रखंड कार्यालय को नहीं दी है। इस कारण मृत लाभार्थियों का रिकॉर्ड अपडेट करने में परेशानी हो रही है।
प्रशासन ने सभी पेंशनधारियों और उनके परिजनों से समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि पात्र लाभार्थियों को पेंशन मिलने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय-सीमा तक ई-केवाईसी नहीं कराने पर पेंशन का भुगतान प्रभावित हो सकता है।