Bihar Crime News: सिवान के जीबी नगर थाना क्षेत्र के तरवारा बाजार में बुधवार सुबह दिनदहाड़े एक फाइनेंसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने रास्ते में घेरकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. गोली लगने से गंभीर रूप से घायल फाइनेंसकर्मी को परिजन इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पूरे तरवारा बाजार में सनसनी फैल गई.
मृतक की पहचान जीबी नगर थाना क्षेत्र के जलालपुर-माधवपुर निवासी अखिलेश्वर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के पुत्र नीतीश कुमार उर्फ पिकलू के रूप में हुई है. नीतीश एक फाइनेंस कंपनी में रेपो एजेंट के रूप में काम करता था.
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह नीतीश कुमार तरवारा बाजार स्थित एक सैलून में दाढ़ी बनवाने आया था. दाढ़ी बनवाने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने रास्ते में उसे घेर लिया.
बदमाशों ने पिस्टल निकालकर नीतीश पर फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान नीतीश को चार गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया.
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस तथा परिजनों को घटना की जानकारी दी.
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल नीतीश को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर गए. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद जीबी नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके. पुलिस हत्या के पीछे की वजह का भी पता लगाने में जुटी है.
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद तरवारा बाजार के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. पुलिस घटना में शामिल बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के लोगों से भी पूछताछ की.
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.