SIWAN: सीवान के रघुनाथपुर के गभीरार में एक दुखद घटना सामने आई है। सांप से खेलने के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गयी। तंग करने पर सांप ने उस व्यक्ति को ऐसा डसा कि उसकी जान चली गयी। मृतक की पहचान कृपाल शाह के रूप में हुई है। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। परिजनों ने सांप से खेलने से मना किया था लेकिन युवक नहीं माना और इस दौरान सांप के डसने से उसकी मौत हो गयी।
बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव जला रहे हैं। आग तापने के लिए जलावन और लकड़ी की व्यवस्था करने गये एक व्यक्ति को जलावन निकालने के दौरान सांप दिखा। जिससे वो खेलने लगा और उसे हाथ में उठाकर घुमाने लगा। तभी वहां मौजूद लोगों ने उसे ऐसा करने से मना किया कहा कि जहां से सांप को लाए हो वहां ले जाकर छोड़ दो लेकिन उस व्यक्ति ने किसी की बात नहीं सुनी और सांप से खेलने लगा।
कुछ देर बाद उसने सांप को जमीन पर छोड़ दिया तभी गुस्से में आकर सांप ने उस व्यक्ति को डस लिया। आनन-फानन में परिजन उसे सीवान सदर अस्पताल ले गये जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। पोस्टमार्टम कराने से मना करने के बाद परिजन शव को अपने साथ ले गये। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। मृतक के परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में इसी घटना की चर्चा हो रही है।