Police Station Viral Video: सीवान के महिला थाना परिसर में महिलाओं के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. वायरल वीडियो में थाना गेट के पास कुछ महिलाएं एक महिला को घेरकर उसके साथ हाथ और चप्पल से मारपीट करती नजर आ रही हैं. इसी दौरान थाना में तैनात दारोगा राजन कुमार मौके पर पहुंचते हैं और महिलाओं को हटाकर पीड़ित महिला को बचाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं.
बताया जा रहा है कि मामला एमएच नगर थाना क्षेत्र के लहेजी की रहने वाली एक महिला की शिकायत से जुड़ा है. महिला ने अपने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए महिला थाना में शिकायत की थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए संबंधित युवक और दोनों महिलाओं को थाना बुलाया था.
इसी दौरान महिला थाना परिसर में ही दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई. वायरल वीडियो में कई महिलाएं एक महिला को घेरकर उसके साथ मारपीट करती दिखाई दे रही हैं. महिलाएं हाथ और चप्पल से उसे पीटती नजर आ रही हैं.
दारोगा ने पहुंचकर महिला को बचाया
मारपीट की जानकारी मिलने के बाद महिला थाना में पदस्थापित दारोगा राजन कुमार मौके पर पहुंचे. वीडियो में वह महिलाओं को हटाते और मारपीट का शिकार हो रही महिला को बचाने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान एक महिला को पकड़कर पीछे हटाने और धक्का देने का दृश्य भी वीडियो में नजर आ रहा है.
घटना के दौरान बनाए गए वीडियो में मारपीट कर रही महिलाओं को रोकने के लिए कोई महिला पुलिस पदाधिकारी या महिला जवान नजर नहीं आ रही है. थाना परिसर में इस तरह मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद महिला थाना की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तत्परता को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
महिला थाना में आमतौर पर महिलाएं अपनी शिकायतें लेकर पहुंचती हैं. ऐसे में थाना परिसर के अंदर ही दो पक्षों के बीच मारपीट होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
महिला थाना प्रभारी सुमन कुमारी ने बताया कि लहेजी की एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है. इसी मामले की जांच के लिए संबंधित युवक और दोनों महिलाओं को थाना बुलाया गया था. इसी दौरान महिलाओं के बीच मारपीट हो गई.
फिलहाल मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और वीडियो सामने आने के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है.