Bihar Teacher News: सीवान जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में शिक्षकों का डेटा अपडेट करने को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त निर्देश जारी किया है. यू-डायस 2026-27 पोर्टल पर सभी शिक्षकों का विवरण अगले तीन दिनों के भीतर अपडेट करना अनिवार्य कर दिया गया है. इस काम में लापरवाही बरतने पर संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक की जवाबदेही तय की जाएगी.


जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र मणि त्रिपाठी ने गुरुवार को जिले के सभी प्रधान शिक्षक, प्रधानाध्यापक और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को इस संबंध में निर्देश जारी किया है. इसमें सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, निजी और संस्कृत विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों का पूरा विवरण पोर्टल पर दर्ज करने को कहा गया है.


30 बिंदुओं पर दर्ज करनी होगी शिक्षकों की जानकारी

विभागीय निर्देश के अनुसार, यू-डायस पोर्टल पर प्रत्येक शिक्षक से संबंधित 30 बिंदुओं पर जानकारी अपडेट करनी होगी. जिन शिक्षकों का नाम पहले से पोर्टल पर दर्ज नहीं है, उनका नया डेटा भी अपलोड करना होगा. सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों के लिए पोर्टल पर 23 प्रकार के शिक्षक संवर्ग का विकल्प उपलब्ध कराया गया है. प्रधानाध्यापकों को शिक्षक की वास्तविक नियुक्ति और विभागीय रिकॉर्ड के आधार पर संवर्ग और नियुक्ति की प्रकृति दर्ज करने का निर्देश दिया गया है.


स्थानांतरित और सेवानिवृत्त शिक्षकों का भी होगा सत्यापन

शिक्षकों के डेटा अपडेट करने के दौरान उनकी वर्तमान पदस्थापना, सेवा में योगदान की तिथि और मौजूदा विद्यालय में योगदान की तारीख का भी सत्यापन करना होगा. इसके साथ ही स्थानांतरित, सेवानिवृत्त, इस्तीफा देने वाले या किसी अन्य कारण से विद्यालय से कार्यमुक्त हो चुके शिक्षकों की स्थिति भी पोर्टल पर अपडेट करनी होगी. ऐसे शिक्षकों का नाम विद्यालय के सक्रिय कर्मचारियों की सूची में नहीं रहना चाहिए.


डीईओ ने पोर्टल पर शिक्षकों के नाम की दोहरी प्रविष्टियों को भी जांचकर सुधारने का निर्देश दिया है. शिक्षक का प्रकार, नियुक्ति, श्रेणी और शैक्षणिक योग्यता समेत सभी जानकारियों का विभागीय रिकॉर्ड से मिलान करना होगा. डेटा अपडेट होने के बाद संबंधित प्रधान शिक्षक को पूरी जानकारी का सत्यापन भी करना होगा.


शिक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि तीन दिनों के भीतर यह काम पूरा करना होगा. पोर्टल पर गलत जानकारी दर्ज होने या डेटा अपडेट करने में लापरवाही मिलने पर संबंधित प्रधानाध्यापक को जिम्मेदार माना जाएगा.