Bihar POCSO Court: बिहार के सीवान में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पॉक्सो की विशेष अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है. अदालत ने दोषी प्रद्युम्न सिंह को 20 साल के कारावास की सजा सुनाई है. इसके साथ ही उस पर 25 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना भी लगाया गया है. वर्ष 2025 में मुफस्सिल थाना क्षेत्र से जुड़े इस मामले में अदालत के फैसले को पीड़िता पक्ष ने न्याय की जीत बताया है.
यह मामला मुफस्सिल थाना कांड संख्या 728/2025 और पॉक्सो कांड संख्या 4/2026 से जुड़ा है. इसकी सुनवाई पॉक्सो की विशेष अदालत में हुई. सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से अधिवक्ता नरेश कुमार सिंह और निका गर्ग ने अदालत में अपना पक्ष रखा. वहीं, बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता राजेश कुमार सिंह ने पैरवी की.
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं और उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन किया. इसके बाद प्रद्युम्न सिंह को दोषी करार दिया गया. सजा के बिंदु पर सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने दोषी को 20 साल जेल और 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई.
अदालत के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए पीड़िता की अधिवक्ता निका गर्ग ने इसे पीड़िता और उसके परिवार के लिए न्याय की बड़ी जीत बताया. उन्होंने कहा कि दोषी को 20 साल की सजा मिलना समाज के लिए भी एक महत्वपूर्ण संदेश है.
उन्होंने कहा कि बच्चों के खिलाफ यौन अपराध करने वालों के लिए कानून में सख्त प्रावधान हैं. ऐसे अपराधों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. इस फैसले से पीड़ित परिवार का न्याय व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होगा और समाज में भी यह संदेश जाएगा कि अपराध करने वालों को उनके किए की सजा मिलती है.