Bihar Crime News: सीतामढ़ी में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश किया है.पुनौरा थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई (DIU) की संयुक्त टीम ने गौशाला चौक के पास स्थित एक होटल में छापेमारी कर इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया.इस कार्रवाई में 4 महिलाओं समेत कुल 7 लोगों को पकड़ा गया है, जबकि कुछ युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है.


जानकारी के अनुसार यह रैकेट लंबे समय से सक्रिय था और इसे सुनियोजित तरीके से संचालित किया जा रहा था.छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल की चार महिलाओं सहित कुछ स्थानीय युवतियों को होटल से मुक्त कराया गया.वहीं मौके से होटल संचालक समेत तीन मुख्य आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है.


इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा पुलिस जांच में सामने आया है.एक आरोपी ज्योति साह नामक व्यक्ति महिलाओं को अपनी बेटी बताकर होटल में लेकर आया था, ताकि किसी को शक न हो.लेकिन पुलिस की सतर्कता और गुप्त सूचना के आधार पर पूरे रैकेट का पर्दाफाश हो गया.


सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस गिरोह के मुख्य सरगनाओं की पहचान महफूज खलीफा और रमजान खलीफा के रूप में हुई है.दोनों पर पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लग चुके हैं.पुलिस के मुताबिक यह नेटवर्क काफी समय से जिले में संगठित तरीके से चलाया जा रहा था.


छापेमारी के दौरान पुलिस ने 6 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.इन मोबाइलों की शुरुआती जांच में लड़कियों की तस्वीरें, उनकी डिटेल्स और पैसों के लेन-देन से जुड़े कई अहम सबूत मिले हैं.पुलिस अब इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.


पुलिस ने इस मामले में होटल संचालक सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध और देह व्यापार से जुड़ी धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.फिलहाल मुख्य आरोपी महफूज खलीफा, रमजान खलीफा समेत कई लोग फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.