SITAMARHI: बिहार के सीतामढ़ी जिले में जहरीली गैस के संपर्क में आने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी। दरअसल निर्माणाधीन मकान का सेप्टिक टैंक का सेंटरिंग खोलने के दौरान दम घुटने से एक राजमिस्त्री और मजदूर की मौत हो गई। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। 


दोनों मृतक की पहचान हो गयी है। राजमिस्त्री सुरेंद्र दास मुजफ्फरपुर जिले के बसंत गांव के रहने वाले थे जबकि मजदूर राजेश किशोर महतो   बेला थाना क्षेत्र के धनहा गांव के निवासी थे। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मुजौलिया गांव के रहने वाले गौरी शंकर सिंह के निर्माणाधीन मकान में काम चल रहा था। 


सोमवार को सेप्टिक टैंक का सेंटरिंग खोलने के लिए सुरेंद्र दास जैसे ही नीचे उतरे जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश होकर गिर पड़े। तभी बाहर खड़ा मजदूर राजेश भी बिना किसी सुरक्षा उपकरण के मिस्त्री को बचाने के लिए सेप्टिक टैंक में उतर गया और दम घुटने से वह भी बेहोश होकर वही गिर पड़ा। 


जिसके बाद किसी तरह दीवार तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन वहां के डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मच गया है, परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आगे की कार्रवाई शुरू की।