Bihar Crime News: सीतामढ़ी के मेहसौल इलाके में होटल की आड़ में कथित देह व्यापार का मामला सामने आया है. पुलिस की छापेमारी के बाद होटल में हड़कंप मच गया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवतियों को बरामद किया है, जबकि होटल के मैनेजर और एक ग्राहक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.


मिली जानकारी के अनुसार, मेहसौल इलाके के एक होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अचानक होटल में छापेमारी की. पुलिस के पहुंचते ही वहां अफरातफरी मच गई. टीम ने होटल के कमरों और परिसर की जांच की. इस दौरान तीन युवतियां मिलीं, जिन्हें पुलिस अपने साथ ले गई.


मैनेजर और ग्राहक हिरासत में

छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल के मैनेजर और मौके पर मौजूद एक ग्राहक को हिरासत में लिया. दोनों से होटल में चल रही गतिविधियों और युवतियों के वहां पहुंचने को लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि होटल में कब से इस तरह की गतिविधियां संचालित हो रही थीं और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं.


पुलिस इस मामले में ब्लैकमेलिंग और दबाव बनाकर युवतियों को कथित अनैतिक गतिविधियों में शामिल कराने के पहलू की भी जांच कर रही है. युवतियों से भी पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल पुलिस होटल में संचालित गतिविधियों, मैनेजर की भूमिका और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पता लगाने में जुटी है.