SITAMARHI: सीतामढ़ी में जन्मदिन के जश्न के दौरान खुलेआम फायरिंग का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है। मामला रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के बघारी गांव का है, जहां डंगराहा पुल के पास सड़क पर केक काटकर जन्मदिन मनाने के बाद युवकों ने कथित तौर पर पिस्टल से फायरिंग की।


बताया जा रहा है कि बघारी गांव निवासी रामेश्वर चौधरी के पुत्र सोनू कुमार का जन्मदिन मंगलवार, 8 सितंबर को था। जन्मदिन के मौके पर सोनू अपने कुछ साथियों के साथ डंगराहा पुल के पास पहुंचा। वहां कार पर कई केक रखकर सड़क पर ही जन्मदिन का जश्न शुरू किया गया।


केक काटने और सेलिब्रेशन के बाद माहौल अचानक बदल गया। वायरल वीडियो में एक युवक पिस्टल निकालकर फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। इसके बाद एक अन्य युवक भी हथियार से फायरिंग करता नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि जिस दौरान फायरिंग की जा रही थी, उस वक्त आसपास लोग और वाहन भी मौजूद थे।


बताया जा रहा है कि फायरिंग के इस वीडियो को सोशल मीडिया के फेसबुक स्टेटस पर भी शेयर किया गया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया और पुलिस तक मामला पहुंचा।


वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन ने रुन्नीसैदपुर थानाध्यक्ष को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता की जांच करने के साथ फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान, हथियार और फायरिंग की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।


अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार वास्तविक है या नहीं और फायरिंग करने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस क्या कार्रवाई करती है।


फर्स्ट बिहार झारखंड वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है