SITAMARHI: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी अध्यक्ष नीतीश कुमार बुधवार को सीतामढ़ी दौरे पर पहुंचे। रुन्नीसैदपुर में विधायक पंकज मिश्रा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उनके काफिले पर पुष्प वर्षा की गई और इस दौरान समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की।


नीतीश कुमार कुछ देर के लिए गाड़ी से उतरे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों से बातचीत करते हुए संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की सलाह दी। उन्होंने समर्थकों का अभिवादन करते हुए भरोसा दिलाया कि वे आगे भी क्षेत्र का दौरा करते रहेंगे।


रुन्नीसैदपुर से नीतीश कुमार सीधे डुमरा स्थित जदयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर के आवास पहुंचे। वहां उनके सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इसके बाद सांसद आवास पर दोपहर के भोजन के साथ सीतामढ़ी जिले के जदयू नेताओं, एनडीए पदाधिकारियों और विधायकों के साथ अहम बैठक हुई।


बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने जिले में संगठन की स्थिति, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए। साथ ही नेताओं से क्षेत्र की समस्याओं और जनता के फीडबैक की जानकारी ली।


बैठक के बाद नीतीश कुमार सड़क मार्ग से पटना के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि सांसद देवेश चंद्र ठाकुर के आमंत्रण पर वे सीतामढ़ी पहुंचे थे। उनके इस दौरे से जिले के जदयू कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला है।


बता दें कि दो दशक तक बिहार के सीएम रहने के बाद नीतीश कुमार ने हाल ही में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। अभी वो जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद हैं। उनके सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री बने और विजय चौधरी और बिजेन्द्र यादव उपमुख्यमंत्री बने। वही 32 लोग सम्राट सरकार में मंत्री बने। पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने जेडीयू के नेताओं को भरोसा दिलाया है कि वे आगे भी संगठन और सरकार का मार्गदर्शन करते रहेंगे।