PATNA: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी सरकार के एक मंत्री के घर पर ही बुलडोजर चलवा दिया. सरकारी बुलडोजर रविवार को मंत्री के घर पहुंच गया और दीवार को ध्वस्त कर दिया. सीएम सम्राट चौधरी पहले ही अपने घर पर बुलडोजर चलवा चुके हैं. लिहाजा, उनकी सरकार की मंत्री अपने घर पर चल रहे बुलडोजर को रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पाईं.


श्वेता गुप्ता के घर पर चला बुलडोजर 

ये वाकया सीतामढ़ी का है, जहां बिहार सरकार की समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता का आलीशान मकान है. सीतामढ़ी में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब मंत्री श्वेता गुप्ता के आवास पर प्रशासनिक टीम बुलडोजर लेकर पहुंच गई.  मंत्री के घर पर बुलडोजर एक्शन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पूरे इलाके में इस वाकये की चर्चा शुरू हो गई.


मंत्री ने सरकारी जमीन पर कर रखा था कब्जा

प्रशासनिक अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार प्रशासन ने सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने के लिए यह कार्रवाई की गई. सरकारी अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर चलाकर अतिक्रमित हिस्से को हटाया गया. प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत नियमानुसार की गई है. इस पूरी कार्रवाई के दौरान मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती रही, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी रहे. प्रशासनिक कार्रवाई को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई. 


मंत्री नहीं थी मौजूद 

प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान मंत्री श्वेता गुप्ता अपने घर में मौजूद नहीं थी. हालांकि उनके परिवार के और लोग वहां थे लेकिन उन्होंने बुलडोजर एक्शन का विरोध नहीं किया.इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलके में भी चर्चा तेज हो गई हैं. हालांकि प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई की जा रही है और कानून के अनुसार ही कदम उठाया गया है। फिलहाल मामले को लेकर संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों का आधिकारिक बयान नहीं आया है. अधिकारियों की ओर से पूरी रिपोर्ट सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि अतिक्रमण का दायरा कितना था और कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया क्या रही.