Bihar Crime News: सीतामढ़ी में रुपये के लेनदेन और जमीन विवाद को लेकर एक ठेकेदार पर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है. आरोप है कि रिश्ते के दामाद ने अपने साथियों के साथ मिलकर ससुर को पांच गोलियां मार दीं. गंभीर रूप से घायल ठेकेदार का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया. पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे और एक लावारिस बाइक बरामद की है.
मामला परसौनी थाना क्षेत्र के कठौर गांव का है. गुरुवार शाम कठौर निवासी राजेंद्र राय के पुत्र रंजीत राय अपने घर पर मौजूद थे. इसी दौरान उनका भगीन दामाद संजीत राय चार अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा. आरोप है कि संजीत ने आवाज देकर रंजीत को घर से बाहर बुलाया और उनके बाहर आते ही फायरिंग शुरू कर दी.
फायरिंग में रंजीत राय को पांच गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गए. गोली चलने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घायल रंजीत को इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है.
रंजीत राय का इलाज कर रहे डॉक्टर वरुण कुमार के अनुसार, घायल को पांच गोलियां लगी हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. गंभीर स्थिति के कारण पुलिस भी अभी रंजीत से पूछताछ नहीं कर सकी है. पुलिस उनके बयान का इंतजार कर रही है, ताकि घटना को लेकर और जानकारी सामने आ सके.
पत्नी ने बताया 9 लाख रुपये का विवाद
रंजीत राय की पत्नी अनीता ने आरोप लगाया कि संजीत राय ने करीब नौ लाख रुपये कर्ज के तौर पर लिए थे. रुपये वापस मांगने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. इसके अलावा जमीन को लेकर भी विवाद होने की बात सामने आई है. अनीता के अनुसार, गुरुवार को इसी रुपये के विवाद के बाद उनके पति पर हमला किया गया.
घटनास्थल से तीन खोखे और बाइक बरामद
घटना की सूचना मिलने के बाद परसौनी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से साक्ष्य जुटाए. मौके से तीन खोखे और एक लावारिस बाइक बरामद की गई है. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है और आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में घटना के पीछे जमीन और रुपये के लेनदेन से जुड़ा विवाद सामने आया है. हालांकि, मामले की पूरी तस्वीर रंजीत राय के बयान और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि घायल रंजीत राय के पिता राजेंद्र राय भूमि विवाद से जुड़े एक मामले में पहले से जेल में बंद हैं. पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है और परिवार से जुड़े विवादों की जानकारी जुटाई जा रही है.
फायरिंग के बाद संजीत राय और उसके साथ आए अन्य लोग फरार हैं. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. वहीं, अस्पताल में भर्ती रंजीत राय की हालत गंभीर होने के कारण पुलिस उनके स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है, ताकि उनका बयान दर्ज किया जा सके.