Bihar Road Accident: सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दो लोगों की जान ले ली. नंदवारा के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है.
मृतकों की पहचान शेखोना निवासी हरि लाल ठाकुर और अशोगी निवासी मंदेश पासवान के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों नंदवारा के पास थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
सड़क हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. दो लोगों की मौत की खबर फैलते ही इलाके में भी लोगों की भीड़ जुटने लगी.
इधर, हादसे की जानकारी जैसे ही मृतकों के परिजनों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई. अपनों को खोने के गम में परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है.
एक ही हादसे में दो लोगों की मौत से नंदवारा और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है.