शिवहर: शराब तस्करी के खिलाफ शिवहर पुलिस की लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुरनहिया थाना पुलिस ने बागमती नदी के रास्ते तस्करी कर लाई जा रही नेपाली शराब की बड़ी खेप बरामद की है।


बताया जाता है कि शुक्रवार की रात करीब 12 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर नेपाल से बागमती नदी के रास्ते शराब की खेप लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रेमजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नदी घाट के आसपास घेराबंदी कर दी।


पुलिस की गतिविधि की भनक लगते ही शराब लेकर पहुंचे तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से 80 कार्टून में रखी 2,400 बोतल नेपाली शराब बरामद की। बरामद शराब की कुल मात्रा 720 लीटर बताई जा रही है।


पुलिस ने शराब को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।


कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रेमजीत सिंह के अलावा सब-इंस्पेक्टर वीरेंद्र पासवान समेत पुलिस बल के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

शिवहर से समीर कुमार झा की रिपोर्ट