Bihar Road Accident: शिवहर जिले के जीरो माइल चौक पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ, जब एक बाइक और वेगनार कार की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और पीछे से आ रहे हाईवा की चपेट में आ गया. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक मुजफ्फरपुर की ओर से शिवहर आ रही थी. इसी दौरान सीतामढ़ी की तरफ से आ रही लाल रंग की वेगनार कार, जिसका नंबर BR1DT-8483 बताया जा रहा है, से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा. इसी बीच पीछे से आ रहे हाईवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 पुलिस को जानकारी दी. पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए शिवहर सदर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान फतेहपुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव निवासी संजय पांडे, उम्र करीब 50 वर्ष, के रूप में हुई है. घटना की खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था.
हादसे के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने अस्पताल की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उनका आरोप था कि घायल को समय पर बेहतर प्राथमिक उपचार और ऑक्सीजन जैसी जरूरी सुविधा नहीं मिल सकी. लोगों का कहना है कि अगर तुरंत सही इलाज मिलता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी. हालांकि, इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.