SHEOHAR: बिहार के शिवहर में ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर 3 लाख 75 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। नए एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी के पदभार संभालते ही पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने ट्रैक्टर और उसके वैध कागजात उपलब्ध कराने का भरोसा देकर पीड़ित से पैसे लिए थे, लेकिन न ट्रैक्टर दिया और न ही कागजात। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मामला शिवहर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी स्थित छतौनी थाना क्षेत्र के शिवलोकपुरी निवासी सुजीत कुमार के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम अविनाश चंद्र ठाकुर है।
बताया गया है कि आरोपी ने परिवादी को ट्रैक्टर उपलब्ध कराने और उससे संबंधित वैध कागजात देने का आश्वासन दिया था। इसके बदले उसने कुल 3 लाख 75 हजार रुपये ले लिए। लेकिन पैसे लेने के बाद न तो ट्रैक्टर दिया और न ही उसके कागजात उपलब्ध कराए। इसके बाद पीड़ित ने शिवहर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
शिवहर थाना कांड संख्या 116/26 के तहत दर्ज मामले की जांच के दौरान एसटीएफ, जिला आसूचना इकाई यानी DIU और शिवहर थानाध्यक्ष की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सुजीत कुमार का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ शिवहर, पुरनहिया, महेंद्रवारा और राजनिसैदपुर थानों में धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में सात मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के पास से 1,880 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की जानकारी दी।
शिवहर पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
शिवहर से समीर कुमार झा की रिपोर्ट