SHEOHAR:शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के सोनबरसा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार करीब 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है।


मृतक की पहचान पहाड़पुर निवासी मोहम्मद अली मियां के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद अली मियां साइकिल पर जलावन लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोनबरसा के पास एक ट्रैक्टर ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।


हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।


मृतक के भाई मोहम्मद सलीम ने बताया कि इस हादसे से उनके परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।


वहीं, तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


शिवहर से समीर कुमार झा की रिपोर्ट