SHEOHAR: शिवहर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तरियानी थाना पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 1014.81 लीटर विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे एक पिकअप वाहन को भी जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, शिवहर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और खरीद-बिक्री के विरुद्ध सघन छापेमारी एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान तरियानी थाना पुलिस को अवैध शराब के परिवहन और भंडारण से संबंधित गुप्त सूचना मिली। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब ढोने में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया।
मामले में तरियानी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति में शराब के मालिक और किसी आरोपित की गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी नहीं दी गई है।
शिवहर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
शिवहर से समीर कुमार झा की रिपोर्ट