Bihar Crime News: शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र में हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम देते हुए एक मोबाइल दुकानदार को गोली मारकर घायल कर दिया. अपराधी करीब एक लाख रुपये नकद और मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए. गोली युवक के हाथ में लगी है, जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए मुजफ्फरपुर लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.


वारदात तरियानी थाना क्षेत्र के शरीफ नगर पंचायत स्थित मरहला गाछी की बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, हथियारों से लैस अज्ञात अपराधियों ने लूटपाट के दौरान कई राउंड फायरिंग की. इसी दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने गोली चला दी, जिसकी चपेट में सचिन कुमार आ गया.


घायल युवक की पहचान मीनापुर थाना क्षेत्र के बेलाही लाछी गांव निवासी कमलेश राय के पुत्र सचिन कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सचिन मोबाइल से जुड़े कारोबार का काम करता है. घटना के दौरान अपराधियों ने उसके पास मौजूद मोबाइल और नकदी लूट ली.


बताया जा रहा है कि अपराधी लूटपाट के इरादे से पहुंचे थे. इसी दौरान जब लूट का विरोध किया गया तो उन्होंने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने कई राउंड गोलियां चलाईं. इसी फायरिंग के दौरान एक गोली सचिन कुमार के हाथ में लग गई.


गोली लगने के बाद सचिन घायल होकर गिर पड़ा. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मोबाइल और नकदी लेकर वहां से फरार हो गए.


घटना की जानकारी मिलते ही सचिन के परिजन मौके पर पहुंचे. गोली लगने से घायल सचिन को तत्काल इलाज के लिए मुजफ्फरपुर ले जाया गया, जहां उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल उसका इलाज चल रहा है.


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई. सदर एसडीपीओ अनुशील कुमार ने बताया कि फायरिंग के दौरान सचिन कुमार के हाथ में गोली लगी है. पुलिस घायल से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अलग-अलग बिंदुओं की जांच की जा रही है.


पुलिस अपराधियों की पहचान करने के लिए आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटा रही है. घटनास्थल और आसपास उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.


पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. लूटे गए मोबाइल और नकदी का पता लगाने के साथ-साथ पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने अपराधी शामिल थे और वे किस दिशा में फरार हुए.
शिवहर से समीर कुमार झा की रिपोर्ट