SHEOHAR: शिवहर जिले में सोमवार को अलग-अलग घटनाओं में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि सड़क हादसे में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच में जुटी है।


नगर थाना क्षेत्र के रेजमा गांव में मारपीट के दौरान एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। एसडीपीओ अनुशील कुमार ने बताया कि रेजमा में मारपीट के दौरान व्यक्ति की हत्या की गई है। उसका शव सड़क किनारे से बरामद किया गया। मृतक की पहचान कर ली गई है। परिजनों और ग्रामीणों की ओर से गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है।


घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, शिवहर भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।


वहीं, दूसरी घटना पिपराही थाना क्षेत्र में कमरौली स्कूल के पास एनएच-227 पर हुई। यहां शिवहर की ओर से जा रहे एक अज्ञात बाइक सवार ने पैदल जा रही 65 वर्षीय महिला को पीछे से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।


हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतका की पहचान 65 वर्षीय शैल देवी, पति अमरनाथ पासवान, निवासी वार्ड नंबर-01, कमरौली के रूप में हुई है।


परिजनों के अनुसार, शैल देवी ब्रेकर के पास से पैदल गुजर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी और फरार हो गया। सूचना मिलने पर पिपराही थाना प्रभारी उमाकांत सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की छानबीन की। पुलिस अज्ञात बाइक सवार की तलाश में जुटी है।