BPSC Teacher News: नगर थाना क्षेत्र के एक गांव से बीपीएससी शिक्षक के एक नाबालिग छात्रा को लेकर फरार होने का मामला सामने आया है. दोनों के बीच पहले से प्रेम प्रसंग होने की बात सामने आ रही है. छात्रा के पिता की शिकायत पर नगर थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस अब दोनों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक की उम्र करीब 28 वर्ष है और वह मोतिहारी जिले का रहने वाला है. बीपीएससी से शिक्षक बनने के बाद वह मोतिहारी जिले में ही कार्यरत है. वहीं, नाबालिग छात्रा की उम्र करीब 14 वर्ष बताई जा रही है.
बताया जा रहा है कि शिक्षक और छात्रा के बीच कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. शिक्षक के बीपीएससी से चयनित होकर शिक्षक बनने के बाद भी दोनों के बीच बातचीत और संपर्क जारी रहा. इसी दौरान छात्रा अपने नाना के घर शिवहर थाना क्षेत्र के एक गांव में पहुंची थी.
आरोप है कि छात्रा ने चुपके से शिक्षक को वहां बुलाया, जिसके बाद दोनों नाना के घर से फरार हो गए. काफी देर तक छात्रा के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला.
इसके बाद छात्रा के पिता ने नगर थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी. पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नाबालिग छात्रा के लापता होने की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस दोनों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की जांच की जा रही है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शिक्षक और छात्रा इस समय कहां हैं और दोनों को जल्द से जल्द बरामद किया जा सके. मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच और बरामदगी के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर की जाएगी.