DESK: बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर के रहने वाले 15 वर्षीय युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट की दुनिया में तहलका मचा दिया है। 


एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में भारत-ए की ओर से खेलते हुए उन्होंने यूएई के खिलाफ महज 53 गेंदों में 204 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। वैभव की इस उपलब्धि से उनके गृह क्षेत्र ताजपुर में दिवाली जैसा माहौल है। लोग पटाखे फोड़कर, मोमबत्तियां जलाकर और मिठाइयां बांटकर खुशी मना रहे हैं।


52 गेंदों में जड़ा ऐतिहासिक दोहरा शतक


दोहा में सोमवार को भारत-ए और यूएई के बीच खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने पहली ही गेंद से आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने पहले ओवर में ही तीन छक्के जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए। इसके बाद मैदान के चारों ओर चौके-छक्कों की बरसात कर दी।


वैभव ने महज 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने 40 गेंदों में 150 रन और सिर्फ 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़ दिया। उन्होंने कुल 53 गेंदों पर 204 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 28 छक्के और 7 चौके निकले। उनका स्ट्राइक रेट 385 से अधिक रहा।


खास बात यह रही कि वैभव ने अपनी पारी में दौड़कर केवल 8 रन बनाए, जबकि बाकी रन चौके और छक्कों से आए। उनकी इस पारी ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।


ताजपुर में जश्न का माहौल, जमकर हुई आतिशबाजी


वैभव की ऐतिहासिक पारी की खबर जैसे ही समस्तीपुर के ताजपुर पहुंची, पूरे इलाके में उत्सव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने पटाखे फोड़े, फुलझड़ियां जलाईं और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर बधाई दी।लोगों का कहना है कि वैभव शुरू से ही प्रतिभाशाली क्रिकेटर रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी का अंदाज हमेशा से अलग रहा है। इस ऐतिहासिक पारी के बाद ताजपुर के लोगों का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है।


पिछले कुछ दिनों से वैभव की उम्र और फॉर्म को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। लेकिन अपनी इस विस्फोटक पारी से उन्होंने आलोचकों को बल्ले से जवाब दे दिया।


पैतृक गांव मोतीपुर में परिवार ने मनाई खुशी


वैभव सूर्यवंशी की इस उपलब्धि पर उनके पैतृक गांव मोतीपुर में भी जश्न मनाया गया। उनकी दादी उषा सिंह, चाचा राजीव सूर्यवंशी, चाची एवं वार्ड पार्षद कृति प्रिया, भाई और अन्य परिजन खुशी से झूम उठे। वहीं, कोजी स्वीट्स प्रतिष्ठान के संचालक एवं युवा उद्यमी उमेश कौशिक ने अपने सहयोगियों के साथ केक काटकर वैभव की सफलता का जश्न मनाया। उमेश कौशिक ने कहा कि वैभव ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया है। यह बिहार और देश के लोगों के लिए गर्व का पल है। उन्हें खुशी है कि वैभव उनके ही गांव का रहने वाला है।


बिहार का नाम दुनिया में किया रोशन

वैभव सूर्यवंशी की इस उपलब्धि से न सिर्फ ताजपुर और समस्तीपुर, बल्कि पूरे बिहार में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वैभव अब केवल अपने गांव या राज्य के नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव बन चुके हैं। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं और बच्चों को क्रिकेट में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है। ताजपुर के लोगों को उम्मीद है कि वैभव आने वाले दिनों में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करते रहेंगे।