SAMASTIPUR: बिहार के समस्तीपुर जिले में एक प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के धुरलक गांव में 36 वर्षीय टिंकू पासवान का शव उनके बालू-गिट्टी और छड़ के डिपो में बने कमरे से बरामद किया गया। शव की स्थिति देखकर गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।


मृतक की पहचान धुरलक गांव निवासी टिंकू पासवान के रूप में हुई है। वह बालू, गिट्टी और छड़ का कारोबार करने के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे। इलाके में उनकी पहचान एक चर्चित प्रॉपर्टी डीलर के रूप में थी।


शादी समारोह में शामिल होने के बाद डिपो पर सोने गए थे टिंकू

जानकारी के अनुसार, टिंकू पासवान अक्सर अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठान यानी बालू-गिट्टी और छड़ के डिपो में बने कमरे में रात गुजारते थे। बीती रात भी वह गांव के ही एक परिचित के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटने के बाद वह अपने डिपो पर सोने चले गए।


गुरुवार की सुबह जब डिपो का एक कर्मचारी उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंचा तो टिंकू को मृत अवस्था में देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।


गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका

कमरे में टिंकू का शव मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि उनकी गला दबाकर हत्या की गई है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


मोबाइल और CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस मृतक के मोबाइल फोन की जांच करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। इसके जरिए घटना से जुड़े सुराग जुटाने और संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।


टिंकू पासवान की संदिग्ध मौत से उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, गांव और आसपास के इलाके में भी शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस हत्या समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।