SAMASTIPUR: बिहार के समस्तीपुर में गुरुवार की शाम पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर में हुई गोलीबारी के दौरान कुख्यात अपराधी मनीष सिंह के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है। घायल मनीष का समस्तीपुर सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, चार दिन पहले मुसरीघरारी इलाके में फ्लिपकार्ट कंपनी के स्टोर में लूट हुई थी। इस घटना के बाद से ही पुलिस और एसटीएफ की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान गंगापुर के पास कुछ अपराधियों के किसी बड़ी वारदात की साजिश रचने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस दौरान मनीष सिंह के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से उसे और उसके एक साथी को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, मनीष सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। उसके खिलाफ समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली और नालंदा में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत 28 से अधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि फ्लिपकार्ट स्टोर लूटकांड के साथ-साथ अन्य घटनाओं में उनकी भूमिका का पता लगाया जा सके।
मुठभेड़ के बाद घायल मनीष सिंह को पुलिस की निगरानी में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सदर डीएसपी सतीश सुमन के नेतृत्व में मुफस्सिल, नगर और मुसरीघरारी थाने की पुलिस तैनात है।
समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि रोसड़ा की ओर जाते समय उन्हें वायरलेस पर मुठभेड़ की सूचना मिली थी। इसके बाद वह घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।