Bihar Crime News: समस्तीपुर में एक नशा मुक्ति केंद्र के अंदर हत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई है. मथुरापुर थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा टोला स्थित मुस्कान नशा विमुक्ति सह पुनर्वास केंद्र में भर्ती एक मरीज ने लोहे की रॉड से हमला कर केंद्र के प्रबंधक की हत्या कर दी. पूरी घटना केंद्र में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर के चतुर्भुज स्थान कालीबाड़ी रोड निवासी राम जन्म दूबे के 27 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार नशा मुक्ति केंद्र में प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे. घटना के दौरान वह केंद्र के एक कमरे में आराम कर रहे थे. इसी बीच केंद्र में भर्ती एक मरीज ने जिम में इस्तेमाल होने वाली लोहे की रॉड से अचानक उनके सिर पर हमला कर दिया. हमले में गंभीर चोट लगने के कारण राहुल की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद केंद्र में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही मथुरापुर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, हमला करने वाले मरीज को हिरासत में ले लिया गया.
आरोपी की पहचान वैशाली जिले के राघोपुर निवासी अनिल पोद्दार के पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में हुई है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है.
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. राहुल की मां ने बताया कि उनका बेटा भी पहले नशे का आदी था. नशा मुक्ति केंद्र में इलाज के दौरान उसे इस लत से छुटकारा मिला था. इसके बाद वह उसी केंद्र में प्रबंधन का काम करने लगा था.
मां के अनुसार, राहुल परिवार का इकलौता सहारा था. उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया.
इधर, राहुल के परिजनों ने इस घटना को साजिश के तहत की गई हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. परिजनों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच होनी चाहिए. पुलिस का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी बिंदुओं पर जांच जारी है.