SAMASTIPUR: समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छठ महापर्व के लिए घर में तैयार किए जा रहे प्रसाद को चार वर्षीय मासूम बच्ची ने जूठा कर दिया। जिससे मां गुस्सा हो गयी और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पिटाई के बाद बच्ची की हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पूसा थाने की पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। मृत बच्ची की पहचान पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी राजू पासवान की चार वर्षीय पुत्री सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
घटना के संबंध में बच्ची के पिता राजू पासवान ने बताया कि छठ पर्व को लेकर परिवार के लोग घाट बनाने के लिए घर के बगल में गए हुए थे। इस दौरान उनकी पत्नी रीना कुमारी घर में छठ पूजा के लिए प्रसाद के पकवान तैयार कर रही थी। इसी बीच उनकी चार वर्षीय बेटी सुहानी ने तैयार किए जा रहे पकवान को जूठा कर दिया।
इस बात से नाराज होकर रीना कुमारी ने बच्ची की बेरहमी से पिटाई कर दी। पिटाई के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी।इसके बाद उसकी मां रीना कुमारी ही बच्ची को लेकर इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम पहुंची। हालांकि, वहां चिकित्सक ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों को जब घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने इसकी सूचना पूसा थाने की पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जानकारी लेने के बाद आरोपी मां रीना कुमारी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। वहीं, बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया है।पिता राजू पासवान ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं। इनमें सात वर्षीय बेटी शिवानी कुमारी, चार वर्षीय सुहानी कुमारी और डेढ़ वर्षीय बेटा राजा कुमार शामिल हैं।
सुहानी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता का कहना है कि इस घटना से वह पूरी तरह टूट चुके हैं। उन्होंने कहा कि अपनी बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार पत्नी को वह कठोर से कठोर सजा दिलाने की मांग करेंगे।इधर, इस मामले में पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि मोहम्मदपुर बिरौली गांव में चार वर्षीय बच्ची की मौत की सूचना मिली थी।
छठ जैसे लोक आस्था के महापर्व की तैयारियों के बीच हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। चार साल की मासूम की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।