SAMASTIPUR: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता अपने पुराने प्रेमी के साथ पकड़ी गई, जिसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई। कई घंटे चली पंचायत के बाद महिला के पति की सहमति से उसकी शादी उसके पुराने प्रेमी से करा दी गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
एएनएम कॉलेज में हुई थी मुलाकात
मामला कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के सिंघिया खुर्द गांव का है। जानकारी के अनुसार, खगड़िया निवासी अनुराधा कुमारी ने करीब डेढ़ वर्ष पहले सिंघिया खुर्द स्थित एक एएनएम कॉलेज में दाखिला लिया था। इसी दौरान कॉलेज के कर्मचारी मनोहर कुमार से उसकी नजदीकियां बढ़ीं और करीब छह महीने पहले दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। बताया जाता है कि इस शादी से अनुराधा का परिवार खुश नहीं था और परिजनों ने उससे संबंध भी तोड़ लिए थे।
शादी के बाद भी पुराने प्रेमी से रहा संपर्क
शादी के बाद भी अनुराधा अपने पुराने प्रेमी पन्नालाल यादव के संपर्क में रही। दोनों एक-दूसरे को करीब आठ से दस वर्षों से जानते थे। पन्नालाल समस्तीपुर के ताजपुर थाना क्षेत्र के चक पहाड़ गांव का रहने वाला है और वह पहले से शादीशुदा है। उसके दो बच्चे भी हैं। ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार रात पन्नालाल अनुराधा से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को साथ देख लिया और पकड़ लिया।
पंचायत में हुआ फैसला
घटना के बाद शनिवार को गांव में पंचायत बुलाई गई। कई घंटों तक चली पंचायत में दोनों पक्षों की बात सुनी गई। इसके बाद अनुराधा के पति मनोहर कुमार की सहमति से पंचायत ने अनुराधा और उसके पुराने प्रेमी पन्नालाल यादव का विवाह करा दिया। ग्रामीणों की मौजूदगी में हुई इस शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रेमी पहले से है शादीशुदा
पन्नालाल यादव ने बताया कि वह और अनुराधा करीब 8 से 10 वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों की मुलाकात खगड़िया में हुई थी, जहां उनके बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ। बाद में पन्नालाल की शादी हो गई, लेकिन अनुराधा से उसका संपर्क पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। इसी वजह से दोनों एक-दूसरे से मिलते रहे। फिलहाल यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर भी लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।