SAMASTIPUR: बिहार के समस्तीपुर जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर चल रहे एक कथित ठगी और नेटवर्किंग रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी कर दर्जनों युवक-युवतियों को मुक्त कराया, जिन्हें विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये वसूले जाने का आरोप है। 


बिहार के समस्तीपुर जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी और नेटवर्किंग के बड़े रैकेट का खुलासा पुलिस ने किया है। मिली जानकारी के अनुसार लीड विजन ट्रेडिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर संचालित इस नेटवर्किंग कंपनी में युवाओं को प्रखंड स्तर पर शिक्षा विभाग, कृषि विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की वसूली की जा रही थी। 


सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी तेजी से फैलने के बाद समस्तीपुर पुलिस सक्रिय हुई और देर रात मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मूसापुर स्थित एक निजी किराए के मकान में छापेमारी की। इस दौरान दर्जनों युवक-युवतियों को वहां से मुक्त कराकर मुफस्सिल थाना लाया गया। बताया जाता है कि ये सभी कई दिनों से वहां रह रहे थे और कथित रूप से कंपनी के प्रभाव में थे।


सूत्रों के अनुसार, इस बड़े रैकेट का शिकार बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के युवा हो चुके हैं। युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर समस्तीपुर बुलाया जाता था और ट्रेनिंग के नाम पर प्रत्येक अभ्यर्थी से 25 हजार रुपये लिए जाते थे।आरोप है कि पैसे लेने के बाद युवाओं को बताया जाता था कि नौकरी से पहले उन्हें नेटवर्किंग का प्रशिक्षण लेना होगा। इसके तहत उन्हें तेल, साबुन, फेस क्रीम सहित अन्य उत्पाद दिए जाते थे और 25 हजार रुपये का बिल भी थमा दिया जाता था, ताकि कंपनी की गतिविधियों पर संदेह ना हो।


कंपनी के प्रबंधन का दावा है कि वे एक वैध ट्रेडिंग कंपनी संचालित करते हैं और कर्मचारियों से लिए गए पैसे के बदले उत्पाद एवं बिल उपलब्ध कराए जाते हैं। हालांकि स्थानीय लोगों और पीड़ितों का आरोप है कि ट्रेडिंग कंपनी की आड़ में युवाओं को भ्रमित कर अवैध नेटवर्किंग और धन उगाही का खेल चलाया जा रहा था। 


सूत्रों की मानें तो इस पूरे नेक्सस में कई प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और मामले से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए कार्रवाई जारी है तथा दोषियों की गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।