SAMASTIPUR: समस्तीपुर जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए।
‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के तहत आयोजित यह तिरंगा यात्रा मोहनपुर रोड से शुरू होकर कलेक्ट्रेट स्थित गांधी प्रतिमा तक पहुंची। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों के साथ देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल बना रहा।
तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए आम नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य आमजन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
जिला प्रशासन और नगर परिषद ने संयुक्त रूप से नागरिकों से अनुरोध किया कि हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का अभियान बनाते हुए अधिक से अधिक लोग अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय उत्साह के साथ मनाएं।