Bihar Crime News: समस्तीपुर के सरायरंजन थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक ढाबा संचालक के साथ मारपीट करने के बाद उसे गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना किशनपुर युसूफ स्थित एसएच-88 पर सुंदरम पेट्रोल पंप के पास हुई. घायल युवक की पहचान हलई थाना क्षेत्र के वनबीरा गांव निवासी विशेश्वर राय के 28 वर्षीय पुत्र अभिनंदन कुमार के रूप में हुई है.


जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात अभिनंदन कुमार सुंदरम पेट्रोल पंप के पास मौजूद थे. इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ जमकर मारपीट की. मारपीट के बाद अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गए.


पीठ में लगी तीन गोलियां

फायरिंग में अभिनंदन कुमार की पीठ में तीन गोलियां लगी हैं. गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए समस्तीपुर स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया.


घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. फिलहाल पटना में उनका इलाज चल रहा है.


घटना की जानकारी मिलने के बाद सरायरंजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस अपराधियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.


घटना के संबंध में पुलिस की ओर से फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. वहीं, उपलब्ध जानकारी के अनुसार खबर लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.