SAMASTIPUR: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर के रोसड़ा की भूमि सुधार उप-समाहर्त्ता (DCLR) कंचन कुमारी झा और उनके घरेलू नौकर सुमित कुमार उर्फ दलाल को घूस लेते गिरफ्तार किया है। दोनों को 2 लाख रुपये कैश और 37 हजार रुपये कीमत की नई वाशिंग मशीन के साथ सरकारी आवास से गिरफ्तार किया गया। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने 27 अगस्त 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या 103/26 के तहत यह कार्रवाई की। दोनों आरोपियों को रोसड़ा नगर पंचायत के वार्ड नंबर-24 स्थित DCLR के सरकारी आवास से पकड़ा गया।
जमीन विवाद के मामले में रिश्वत मांगने का आरोप
निगरानी विभाग के अनुसार, समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र निवासी मनोज कुमार ने ब्यूरो के पटना कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि भूमि विवाद निराकरण वाद संख्या 20/2026-27 में उनके पक्ष में फैसला देने के बदले DCLR और उनके घरेलू नौकर की ओर से रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की बात प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
धावादल ने सरकारी आवास पर की छापेमारी
मामले के अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक दिवाकर कुमार दिनकर के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया। धावादल ने कार्रवाई करते हुए कंचन कुमारी झा और सुमित कुमार को 2 लाख रुपये तथा Samsung कंपनी की नई वाशिंग मशीन के साथ गिरफ्तार किया। ब्यूरो के अनुसार, वाशिंग मशीन की कीमत करीब 37 हजार रुपये है।
आवास से 13.82 लाख रुपये अतिरिक्त बरामद
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के सरकारी आवास की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 13 लाख 82 हजार रुपये की अतिरिक्त नकद राशि भी बरामद की गई। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ 103वां मामला
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 103वीं प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है। इनमें यह 95वां ट्रैप कांड है। विभाग के मुताबिक, अब तक 93 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक ट्रैप कार्रवाई के दौरान कुल 34 लाख 34 हजार 800 रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है। इस कार्रवाई में 37 हजार रुपये कीमत की नई वाशिंग मशीन भी बरामद हुई है। वर्ष 2025 में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए थे और इस दौरान 37 लाख 80 हजार 300 रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई थी।