Bihar Crime News: बिहार में अपराध पर लगाम लगाने और कानून-व्यवस्था बेहतर होने के दावे खोखले नजर आ रहे हैं. आए दिन हत्या, लूट और छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं. ताजा मामला समस्तीपुर से है, जहां हत्या की एक और वारदात सामने आई है. विभूतिपुर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने रविवार रात एक दिव्यांग मुर्गा दुकानदार की उसकी दुकान में ही गला काटकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं.
घटना साखमोहन टेकना चौक के पास की है. मृतक की पहचान साखमोहन वार्ड-5 निवासी शंकर दास के पुत्र अशोक दास के रूप में हुई है. बताया गया कि अशोक दास रोज की तरह रविवार रात भी अपनी दुकान पर मुर्गा बनाकर बेच रहे थे. इसी दौरान करीब 9 बजे अज्ञात बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया.
हमले के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. कुछ देर बाद एक ग्राहक दुकान पर पहुंचा तो अशोक दास को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा. इसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई.
सूचना मिलने पर विभूतिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से जानकारी जुटाने के साथ हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान का पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी है.
परिजनों ने जताई पुरानी दुश्मनी की आशंका
परिजन हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी की आशंका जता रहे हैं. हालांकि, हत्या की असली वजह क्या है और वारदात को किसने अंजाम दिया, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
परिजनों के अनुसार, अशोक दास दिव्यांग थे और मुर्गा बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. वह कभी-कभी टोटो भी चलाते थे. परिवार के लिए रोजी-रोटी का सहारा बने अशोक की इस तरह दुकान के अंदर हत्या किए जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
रोसड़ा के सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया पुरानी दुश्मनी की बात सामने आ रही है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
टेकना चौक जैसे सार्वजनिक स्थान पर दुकान के अंदर हुई इस हत्या ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अशोक दास की हत्या किस वजह से की गई और वारदात के पीछे कौन लोग शामिल हैं.