ROHTAS: सासाराम के कोचस में आज दिन में एक तेंदुआ देखा गया है। कोचस बाजार के आसपास के इलाके में तेंदुआ को देखकर लोग दहशत में हो गए। इस दौरान तेंदुआ के हमले से दो युवक घायल हो गये। जिसे स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। वहीं पूरे कोचस इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। तेंदुआ को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। कुछ लोग ईंट पत्थर से तेंदुआ पर हमला करने लगे। वहीं इस दौरान तेंदुआ किसी सुरक्षित स्थान की तलाश में इधर-उधर भटकता रहा। लोगों की डर से उसने पानी में छलांग लगाते हुए घर में घुसने का प्रयास करने लगा। जैसे-जैसे शाम ढल रही थी, लोगों के दहशत बढ़ रही थी।
आदमखोर तेंदुआ को देखकर लोग घबराए हुए हैं। कुछ लोग इसे चिता कह रहे हैं। सवाल उठता है कि आखिर तेंदूआ इस रिहाईसी इलाके में कैसे पहुंच गया? यहां से कैमूर पहाड़ी का जंगल भी 60 से 70 किलोमीटर दूर है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर तेंदुआ इस समतल मैदानी इलाके में कहां से आ गया? आशंका व्यक्त की जा रही है की नदी या नहर के किनारे-किनारे तेंदुआ कोचस इलाके में पहुंच गया। फिलहाल वन विभाग तेंदुआ को पकड़ने में जुटा हुआ है। लोगों से अपील की गई है कि वह अपने मवेशियों, बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित रखें।