Sonpur Mela 2026: सोनपुर मेला के उद्घाटन और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 22 नवंबर को प्रस्तावित आगमन और लाखों श्रद्धालुओं के सोनपुर पहुंचने की संभावना को देखते हुए सारण और वैशाली जिला प्रशासन ने आपसी समन्वय से ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसके तहत अलग-अलग तिथियों और समय के अनुसार वाहनों के रूट में बदलाव किया जाएगा।



जिला प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक, 22 नवंबर को मुख्यमंत्री के आगमन और सोनपुर मेला के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान छपरा से सोनपुर की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित डायवर्जन के तहत महात्मा गांधी सेतु के रास्ते भेजा जाएगा।



वहीं, कार्तिक पूर्णिमा स्नान को देखते हुए 23 नवंबर के पूर्वाह्न से 25 नवंबर के पूर्वाह्न तक सोनपुर शहर में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान केवल मेला कार्य में लगे सरकारी वाहनों और एंबुलेंस को परिचालन की अनुमति दी जाएगी।



प्रशासन ने बड़े वाहनों के परिचालन के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं। छपरा से हाजीपुर जाने वाले बड़े वाहनों को मकेर, रेवा घाट, अंबारा, लालगंज और भगवानपुर थाना होते हुए हाजीपुर पहुंचना होगा। हालांकि, इन वाहनों को हाजीपुर शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।



इसी तरह पटना से महात्मा गांधी सेतु के रास्ते आने वाले बड़े वाहन रामाशीष चौक से भगवानपुर थाना होते हुए लालगंज की ओर जाएंगे। इसके बाद अंबारा और रेवा घाट के रास्ते छपरा पहुंचेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह रूट डायवर्जन केवल बड़े वाहनों के लिए लागू रहेगा। एनएच-19 पर बने नए गंडक पुल से छोटे वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा।



सौ साल से अधिक पुराने गंडक पुल के निचले हिस्से के क्षतिग्रस्त होने के कारण इस पर पहले से ही भारी वाहनों का परिचालन बंद है। कार्तिक पूर्णिमा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही को देखते हुए पुल पर पैदल यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।



23 नवंबर को हाजीपुर की ओर से हरिहरनाथ मंदिर और सोनपुर गंगा स्नान घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुल के दोनों किनारों पर बने पैदल यात्री लेन खुले रहेंगे। यह व्यवस्था 26 नवंबर को शाम 5 बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान पुल पर सभी प्रकार के चारपहिया और दोपहिया वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, सोनपुर से हाजीपुर जाने वाले पैदल यात्रियों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं होगी।



इसके बाद 26 नवंबर को दोपहर 12 बजे से पुल का बीच वाला मुख्य सड़क मार्ग सोनपुर से हाजीपुर जाने वाले यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं, दोनों तरफ के पैदल यात्री लेन हाजीपुर से सोनपुर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। यह व्यवस्था 28 नवंबर तक प्रभावी रहेगी।



जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित रूट और यातायात व्यवस्था की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। साथ ही यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि सोनपुर मेला और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान जाम की समस्या से बचा जा सके और आवागमन सुचारु बना रहे।