Bihar Flood News: बिहार के सारण जिले के तरैया प्रखंड में गंडक नदी के बढ़े जलस्तर के बीच गुरुवार को रिंग बांध टूट गया। बांध टूटने के बाद गंडक नदी का पानी तेजी से राजधानी, आकूचक, चंचलिया, भलुआ समेत कई गांवों के निचले इलाकों में फैल गया। निचले हिस्सों में 3 से 4 फीट तक जलभराव की स्थिति बताई जा रही है।



तरैया प्रखंड के चंचलिया-पचौड़र पंचायत की सीमा पर राजधानी-आकूचक गांव के पास रिंग बांध अचानक टूट गया। बांध टूटते ही पानी तेजी से आबादी की ओर फैलने लगा। अचानक घरों में बाढ़ का पानी घुसने से ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गई।



पानी का बहाव तेज होने के कारण ग्रामीणों को घरों से जरूरी सामान निकालने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका। कई घरों में पानी घुसने के बाद लोगों ने चौकी, खाट और अन्य सामान को एक-दूसरे के ऊपर रखकर अनाज, कपड़े, बर्तन और दूसरी जरूरी चीजें बचाने का प्रयास किया।



पानी लगातार बढ़ता देख कई परिवार अपने घर छोड़कर ऊंचे और सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। निचले इलाकों में तेजी से फैल रहे पानी के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई घरों में रखा अनाज और घरेलू सामान पानी में डूबने की स्थिति में पहुंच गया है। अचानक आई बाढ़ से ग्रामीणों में भय का माहौल है।



माधोपुर, भलुआ, चंचलिया, राजधानी और आकूचक समेत सारण तटबंध के निचले इलाके में बसे कई गांवों के लिए यह रिंग बांध सुरक्षा कवच का काम करता था। गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ मुख्य सारण तटबंध पर भी पानी का दबाव बढ़ रहा था। इसी कारण रिंग बांध पर लगातार दबाव बना हुआ था।



ग्रामीणों के अनुसार, रिंग बांध में कहीं मामूली रिसाव की सूचना मिलने पर गंडक विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर उसे दुरुस्त करने का प्रयास करते थे। इसके बावजूद गंडक नदी में बढ़े जलदबाव के कारण गुरुवार को बांध टूट गया और पानी तेजी से गांवों की ओर फैलने लगा।



बाढ़ प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री, भोजन, पेयजल और नाव की व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी तेजी से फैल रहा है, इसलिए प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए तत्काल व्यवस्था जरूरी है।