Bihar Road Accident: बिहार के सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। शादी समारोह से लौट रहे बारातियों की बोलेरो वाहन तेज रफ्तार ट्रक से जा भिड़ी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।


मृतक की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के डुमडूमा गांव निवासी राहुल साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राहुल साह अपने दोस्तों और गांव के अन्य लोगों के साथ उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रामपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी की खुशियां मनाने के बाद सभी लोग बोलेरो वाहन से बुधवार की सुबह वापस अपने गांव लौट रहे थे।


इसी दौरान रसूलपुर थाना क्षेत्र के बंसी छपरा गांव के समीप एनएच-531 पर उनकी बोलेरो की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर के बाद राहुल साह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बोलेरो में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।


घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो और ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक एनएच-531 पर यातायात भी प्रभावित रहा।


उधर जैसे ही राहुल साह की मौत की खबर डुमडूमा गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम पसर गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां-बाप सदमे में हैं और घर में चीख-पुकार का माहौल बना हुआ है। गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।