Bihar police alert: पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र संगठनों के प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए सारण पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. किसी भी अप्रिय स्थिति और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए गुरुवार को छपरा शहर में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला.


फ्लैग मार्च नगर थाना चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा. इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, जवान और दंगा नियंत्रण बल मौजूद रहे. वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों व जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.


प्रस्तावित छात्र आंदोलन को देखते हुए शहर के प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने किसी भी स्थिति से तत्काल निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है.


एसएसपी विनीत कुमार ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए दंगा नियंत्रण वाहन, वाटर कैनन, आंसू गैस के गोले और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को तैयार रखा गया है.


उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है. हालांकि, यदि कोई व्यक्ति कानून हाथ में लेने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


एसएसपी ने छात्र-छात्राओं से किसी भी तरह की अफवाह या बहकावे में नहीं आने की अपील की है. उन्होंने कहा कि छात्र अपनी मांगों को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से रखें तथा जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें.


सारण पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार निगरानी रख रही है. पुलिस के अनुसार, भड़काऊ पोस्ट करने, अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.