Bihar News: सारण जिले के खैरा थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। खैरा भट्ठी बाजार स्थित फ्रेशो कार्ट मॉल में मंगलवार अहले सुबह अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मॉल को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा लाखों-करोड़ों रुपये का सामान धू-धू कर जलने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह जब मॉल संचालक संजीव कुमार दुकान खोलने पहुंचे, तब उन्होंने मॉल के अंदर से धुआं और आग की तेज लपटें निकलती देखीं। कुछ ही देर में आग पूरे मॉल में फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मॉल में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
मॉल संचालक ने बताया कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को भी सामान बाहर निकालने का मौका नहीं मिल पाया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस हादसे में करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रही थीं। आग लगने के बाद पूरे बाजार इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार भी अपनी दुकानों से सामान निकालने में जुट गए, ताकि आग दूसरे प्रतिष्ठानों तक न पहुंचे।
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की अपील की। पुलिस और प्रशासन की टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रण में रखा।
फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। अग्निशमन विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।