Bihar News: बिहार के सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामधनाव गांव में कटहल का कोआ खाने से दो मासूम सगी बहनों की मौत हो गई। मृत बच्चियों की पहचान राकेश महतो की पुत्री 10 वर्षीय मुस्कान कुमारी और 7 वर्षीय नीशू कुमारी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को गांव में एक व्यापारी कटहल बेचने आया था। मोहल्ले के कई लोगों ने उससे कटहल का कोआ खरीदा, जिनमें मृत बच्चियों की मां सुगंती देवी भी शामिल थीं। सुगंती देवी ने शाम को अपनी तीन बेटियों के साथ कोआ खाया। देर रात मुस्कान और नीशू को पेट दर्द की शिकायत हुई।
स्थानीय डॉक्टर को बुलाकर प्रारंभिक इलाज किया गया, लेकिन आराम नहीं मिला। इसके बाद शनिवार सुबह परिजनों ने दोनों बच्चियों को इसुआपुर के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर क्लिनिक के डॉक्टरों ने उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। अफसोस, सदर अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद एक-एक कर दोनों बहनों की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरा गांव मातम में डूबा हुआ है।