Viral Wedding : बिहार के सारण जिले से एक ऐसी शादी की कहानी सामने आई है, जिसे सुनकर लोग हैरान भी हैं और सोशल मीडिया पर जमकर मजे भी ले रहे हैं। यहां एक शादी सिर्फ इसलिए टूट गई क्योंकि दूल्हे को महिलाओं द्वारा गाया जा रहा एक पारंपरिक गीत पसंद नहीं आया। मामला इतना बढ़ गया कि दूल्हे और उसके दोस्तों को गांव वालों ने बंधक तक बना लिया और आखिरकार बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।
यह अनोखा मामला सारण जिले के रसूलपुर इलाके का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, रसूलपुर पंचायत के धानाडीह गांव से बड़े अरमानों के साथ बारात योगिया गांव पहुंची थी। बैंड-बाजा, नाच-गाना और स्वागत के बीच सबकुछ बिल्कुल फिल्मी अंदाज में चल रहा था। बारातियों की खूब खातिरदारी हुई, जयमाला की रस्म भी हंसी-खुशी पूरी हुई और माहौल पूरी तरह शादी के रंग में रंगा नजर आ रहा था।
लेकिन असली ड्रामा तब शुरू हुआ जब दूल्हा शादी की मुख्य रस्मों के लिए मंडप में पहुंचा। सिंदूरदान से पहले शिलारोहण की रस्म होनी थी। इस परंपरा में दूल्हे को दुल्हन के पैर को पत्थर के लोढ़े के साथ स्पर्श करना होता है। गांव की महिलाएं इसी दौरान पारंपरिक अंदाज में गीत गाने लगीं—“गिर गईल ए दूल्हा गिर गइल, हमरा बबुनी के गोड़वा पर गिर गईल…” बस फिर क्या था! गीत सुनते ही दूल्हे का चेहरा बदल गया। बताया जा रहा है कि उसे लगा कि महिलाएं उसका मजाक उड़ा रही हैं। देखते ही देखते वह नाराज हो गया और उसने साफ शब्दों में इस रस्म को करने से इनकार कर दिया।
मंडप में मौजूद लोगों ने पहले इसे हल्के में लिया। पंडित ने समझाया कि यह सिर्फ एक पारंपरिक रस्म है और शादी-ब्याह में ऐसे गीत पीढ़ियों से गाए जाते रहे हैं। परिवार वालों ने भी माहौल संभालने की कोशिश की, लेकिन दूल्हा अपनी जिद पर अड़ा रहा। वह बार-बार कहता रहा कि वह किसी के पैर नहीं छुएगा।
उधर, दुल्हन पक्ष भी पीछे हटने को तैयार नहीं था। उनका कहना था कि शादी की सभी रस्में परंपरा के अनुसार ही होंगी। धीरे-धीरे बहस तेज हो गई। हंसी-खुशी का माहौल देखते ही देखते तनाव में बदल गया। बाराती और घराती आमने-सामने आ गए। गांव के लोग भी इकट्ठा हो गए और मामला बिगड़ता चला गया।
बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने दूल्हे और उसके कुछ करीबी रिश्तेदारों को एक कमरे में बैठा दिया। शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग होने लगी। गांव में देर रात तक पंचायत बैठी। दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश होती रही, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
आखिरकार, घंटों चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद शादी टूट गई और बारात को बिना दुल्हन के लौटना पड़ा। गांव में यह घटना चर्चा का सबसे बड़ा विषय बनी हुई है। कोई दूल्हे की जिद को गलत बता रहा है तो कोई इसे परंपरा और अहंकार की टक्कर कह रहा है।
सोशल media पर भी लोग इस खबर पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स मजेदार मीम्स और कमेंट्स शेयर कर रहे हैं। किसी ने लिखा, “गीत ने दूल्हे का सिस्टम ही हैंग कर दिया”, तो किसी ने कहा, “इतना ईगो लेकर शादी करने पहुंचा था कि मंडप ही छोड़ना पड़ गया।” अब यह अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बनी हुई है, जहां एक गीत ने खुशियों भरी रात को विवाद में बदल दिया।