मढ़ौरा (सारण): शादी का मंडप सजा था, शहनाइयां बज रही थीं, सात फेरे हो चुके थे और दुल्हन की मांग में सिंदूर भी सज चुका था। रातभर दोनों परिवारों में खुशियों का माहौल था। हर किसी को सुबह होने वाली विदाई का इंतजार था। लेकिन किसी ने सोचा भी नहीं था कि विदाई की एक छोटी-सी रस्म पूरी शादी का क्लाइमेक्स बदल देगी। मामला ऐसा उलझा कि सात फेरों के बाद भी दूल्हे को दुल्हन के बिना ही घर लौटना पड़ा।

फिल्मी अंदाज में कहें तो कहानी में ट्विस्ट तब आया, जब दूल्हे राजा सलामी में मिले रुपये गिनने बैठे। रुपये तो काफी थे, लेकिन गिनती में बार-बार हो रही गलती ने दुल्हन का पारा चढ़ा दिया। फिर क्या था, दुल्हन ने ऐसा फैसला सुनाया कि बारातियों से लेकर घरातियों तक के होश उड़ गए। उसने साफ कह दिया- 'जब रुपये ही नहीं गिन पा रहे हैं तो हम इनके साथ ससुराल नहीं जाएंगे!' इसके बाद शादी की खुशियों पर विवाद का ग्रहण लग गया।

मामला बिहार के सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का है। यहां बुधवार को बड़े ही उत्साह के साथ बारात पहुंची थी। मकेर थाना क्षेत्र के दादनपुर गांव निवासी वीरेंद्र मांझी के पुत्र राहुल कुमार की शादी मुबारकपुर निवासी शिवरात मांझी के परिवार में तय हुई थी। दोनों पक्षों में शादी को लेकर उत्साह था। घराती बारातियों के स्वागत में जुटे थे तो दूल्हे के दोस्त और रिश्तेदार शादी की खुशियों में डूबे हुए थे।

सात फेरे के बाद सुबह हुआ ऐसा कांड, बदल गया शादी का पूरा सीन

बुधवार की रात शादी की रस्में बिना किसी परेशानी के पूरी हुईं। द्वारपूजा हुई, कन्या निरीक्षण की रस्म निभाई गई और फिर दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लेकर एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का वादा किया। सिंदूरदान के बाद दोनों परिवारों ने राहत की सांस ली। बारातियों ने भी जमकर दावत उड़ाई। रात तक सबकुछ ठीक था और किसी को विवाद की जरा भी भनक नहीं थी।

लेकिन गुरुवार की सुबह विदाई से पहले कहानी ने अचानक करवट ले ली। गांव की महिलाओं ने परंपरा के अनुसार दूल्हे को सलामी के रुपये दिए। यह शादी की रस्मों का ही एक हिस्सा था। दूल्हे राजा को रुपये थमाए गए और उन्हें गिनने के लिए कहा गया। अब तक सबकुछ सामान्य था, लेकिन रुपये गिनने की बारी आई तो राहुल बार-बार उलझने लगे।

कभी गिनती आगे बढ़ती तो कभी पीछे रह जाती। कई बार कोशिश करने के बावजूद वह रुपये का सही हिसाब नहीं लगा पाए। बस, यही बात दुल्हन को नागवार गुजर गई। उसने दूल्हे की समझदारी पर सवाल उठाते हुए ससुराल जाने से इनकार कर दिया।

जिस घर में कुछ देर पहले तक विदाई के गीत गाए जा रहे थे, वहां अचानक बहस और हंगामा शुरू हो गया। दूल्हे पक्ष के लोग हैरान थे तो दुल्हन पक्ष के लोग उसे समझाने में जुट गए। लेकिन दुल्हन का जवाब साफ था। वह अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं थी।

मनाने पहुंचे रिश्तेदार, लेकिन दुल्हन ने नहीं बदला फैसला

इसके बाद दोनों परिवारों के बड़े-बुजुर्गों ने मोर्चा संभाला। किसी ने दुल्हन को समझाया तो किसी ने दूल्हे का पक्ष रखा। रिश्तेदारों ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश की। काफी देर तक मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा, लेकिन बात नहीं बनी।विवाद बढ़ने की सूचना मिलने पर मढ़ौरा पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की और स्थिति को समझने का प्रयास किया। इसके बाद मामले को आपसी सहमति से सुलझाने की कोशिश शुरू हुई।

गांव में पंचायत बैठी। पंचायत में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और आखिरकार शादी के दौरान एक-दूसरे को दिए गए उपहार वापस करने पर सहमति बनी। दोनों परिवार इस फैसले पर राजी हो गए। इसके बाद दूल्हा राहुल कुमार को अपनी बारात के साथ बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।इस तरह जिस घर से डोली उठने की तैयारी थी, वहां से दूल्हे की बारात खाली हाथ लौट गई। सात फेरों के बाद शुरू हुई यह कहानी विदाई से पहले ही खत्म हो गई।

बेटी की शादी में शामिल होने आ रहे पिता के साथ भी हुआ था हादसा

इस पूरे घटनाक्रम के बीच दुल्हन के परिवार से जुड़ी एक और भावुक कहानी सामने आई है। बताया जाता है कि दुल्हन के पिता रविंद्र मांझी बेटी की शादी में शामिल होने के लिए राजस्थान से बिहार आ रहे थे। इसी दौरान लखनऊ के पास उनकी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हालांकि, उनकी जान बच गई।

बताया जाता है कि दुल्हन मुबारकपुर निवासी शिवरात मांझी की पोती और रविंद्र मांझी की बेटी है। परिवार के लिए यह शादी पहले ही एक मुश्किल दौर से गुजरकर यहां तक पहुंची थी। लेकिन शादी की सुबह सलामी के रुपये गिनने को लेकर ऐसा विवाद खड़ा हुआ कि सारी खुशियां अचानक मायूसी में बदल गईं।

फिलहाल इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। लोग भी हैरान हैं कि जिस शादी में रातभर मंगलगीत गाए गए, वहां सुबह रुपये गिनने की बात इतनी बढ़ गई कि दुल्हन ने ससुराल जाने से ही इनकार कर दिया। सात फेरे हुए, सिंदूर भी सजा, लेकिन सलामी के चंद रुपयों ने शादी की कहानी का अंत ही बदल दिया।