Bihar Police News: सारण में पुलिस विभाग ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन थानाध्यक्षों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. कर्तव्य निर्वहन में शिथिलता, मामलों के अनुसंधान में लापरवाही और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी के आरोप में अवतारनगर, तरैया और अमनौर थाना के थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
सारण पुलिस की ओर से 9 अगस्त 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में तीनों पुलिस पदाधिकारियों पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी गई है. पुलिस अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा और प्राप्त प्रतिवेदनों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है.
अवतारनगर थानाध्यक्ष पर कांडों के अनुसंधान में लापरवाही
अवतारनगर थाना के थानाध्यक्ष पु०अ०नि० शंकर बिहारी को कांडों के निष्पादन और अनुसंधान में अपेक्षित प्रगति नहीं होने के साथ-साथ कर्तव्य के प्रति शिथिलता बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है. समीक्षा के दौरान उनके कार्यों में अपेक्षित सुधार नहीं पाए जाने के बाद विभाग ने कार्रवाई का निर्णय लिया.
तरैया थानाध्यक्ष पर सरकारी संपत्ति से जुड़े मामले में लापरवाही
तरैया थाना के थानाध्यक्ष पु०अ०नि० धीरज कुमार राम पर सरकारी संपत्ति से संबंधित एक घटना में लापरवाही बरतने का आरोप है. इसके अलावा अधीनस्थ पुलिसकर्मियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रखने और वरीय अधिकारियों की ओर से दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने को भी कार्रवाई का आधार बनाया गया है. इन आरोपों के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.
अमनौर थानाध्यक्ष के अनुसंधान में मिली गंभीर लापरवाही
अमनौर थाना के थानाध्यक्ष पु०अ०नि० हेमंत कुमार के खिलाफ भी विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है. पुलिस उप-महानिरीक्षक, सारण क्षेत्र, छपरा की ओर से एक कांड की समीक्षा के दौरान अनुसंधान में गंभीर लापरवाही और कर्तव्यहीनता सामने आई थी. इस मामले में थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण भी मांगा गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया. इसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया.
सारण पुलिस के मुताबिक, निलंबित किए गए तीनों थानाध्यक्षों का निलंबन अवधि के दौरान मुख्यालय पुलिस केंद्र, सारण निर्धारित किया गया है. इसके साथ ही तीनों पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले में थानों के कामकाज और लंबित मामलों के अनुसंधान को लेकर अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर सख्ती का संदेश गया है. विभाग की ओर से साफ किया गया है कि ड्यूटी में लापरवाही और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी को गंभीरता से लिया जा रहा है.
छपरा से पवन कुमार सिंह की रिपोर्ट