PATNA: समस्तीपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 साल की बच्ची की मौत हो गई। मुसरीघरारी-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर हरपुर एलौथ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार शिक्षक और उनकी पत्नी घायल हो गए, जबकि सड़क पर गिरी उनकी 8 वर्षीय बेटी ट्रक के पहिए के नीचे आ गई। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।


घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर यातायात सामान्य कराने की कोशिश की।


स्कूटी से गिरते ही ट्रक के नीचे आई बच्ची

मृत बच्ची की पहचान सरायरंजन थाना क्षेत्र के दामोदरपुर महुली वार्ड-2 निवासी शिक्षक आशुतोष रंजन की 8 वर्षीय बेटी श्रेया के रूप में हुई है। आशुतोष रंजन सरायरंजन प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय किशनपुर युसूफ एससी में शिक्षक हैं। वह वर्तमान में समस्तीपुर में किराए के मकान में रहते हैं।


परिजनों के अनुसार, श्रेया सेंट मैरी स्कूल में पढ़ती थी। चौरचन पर्व के दौरान वह अपने गांव गई थी। परीक्षा होने के कारण परिवार उसे वापस समस्तीपुर लेकर आ रहा था। श्रेया अपने पिता के साथ स्कूटी पर सवार होकर समस्तीपुर आ रही थी, जबकि उसकी मां दूसरी गाड़ी से पीछे चल रही थीं। इसी दौरान हरपुर एलौथ गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद आशुतोष रंजन सड़क किनारे कच्ची जमीन पर जा गिरे, जबकि श्रेया सड़क पर गिर गई। इसी दौरान ट्रक का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने के कारण बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।


हादसे के बाद सड़क पर मचा हड़कंप

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बच्ची की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। हादसे के कारण मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है।


पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मासूम श्रेया की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।